- अखंड धारा और प्रिंस क्लब के बीच हुआ उद्घाटन मुकाबला, दूधिया रोशनी में शहर की 24 टीमें दिखा रही हैं दम इंदौर (ईएमएस)। देवी अहिल्या की नगरी में खेल के प्रति जुनून एक बार फिर परवान चढ़ने लगा है। शहर की प्रतिष्ठित संस्था अनंत सेवा न्यास और अखंड धारा के संयुक्त तत्वावधान में पारंपरिक टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ गुरुवार रात को किया गया। राजमोहल्ला स्थित ऐतिहासिक खालसा स्टेडियम में आयोजित इस चार दिवसीय खेल उत्सव में शहर की 24 से अधिक टीमें अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान अखंड धारा और प्रिंस क्लब के बीच खेला गया। फ्लड लाइट्स की दूधिया रोशनी में खिलाड़ियों ने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की बरसात कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। आयोजन समिति के अनुसार, 10 मई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में प्रतिदिन रात 8 बजे से मुकाबलों की शुरुआत होगी, जहाँ रोजाना 8-8 टीमों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। यह आयोजन स्थानीय खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक सशक्त मंच साबित हो रहा है। टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर खेल और समाज सेवा से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) पंडित योगेंद्र महंत, सीताराम व्यास, सुरेश पिंगले, अनंत महंत, रवि बैरागी, सुरेश पाठक एवं विनीत त्रिवेदी आदि ने उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने खेल भावना को सर्वोपरि रखते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। :: विजेताओं पर होगी पुरस्कारों की बौछार :: संस्था के अनंत महंत ने बताया कि इस पारंपरिक टूर्नामेंट का शहर के क्रिकेट प्रेमियों को साल भर बेसब्री से इंतजार रहता है। समापन अवसर पर विजेता टीमों और व्यक्तिगत रूप से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शहर के गणमान्य जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। आगामी तीन दिनों तक खालसा स्टेडियम में क्रिकेट का यह उत्सव अपनी पूरी रंगत में नजर आएगा। प्रकाश/08 मई 2026