राज्य
08-May-2026


हाथरस (ईएमएस)। कलेक्ट्रेट सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने तथा विद्यालय परिसरों में फलदार एवं छायादार पौधे लगाने को कहा।जिलाधिकारी ने स्कूल चलो अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालयों से जोड़ने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में शौचालय, पेयजल, बिजली, फर्नीचर, बाउंड्रीवाल और खेल मैदान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।निपुण परीक्षा की प्रगति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट क्लास, डिजिटल बोर्ड और पुस्तकालय जैसी सुविधाओं के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 08 मई 2026