आढ़त व्यापारी के यहां हुई चोरी पर जताया आक्रोश, जल्द कार्रवाई की मांग --वैश्य एकता संस्थान के सदस्य ज्ञापन देते हुए हाथरस (ईएमएस)। वैश्य एकता संस्थान रजि० उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने मंडी समिति अलीगढ़ रोड स्थित आढ़त व्यापारी अरुण कुमार अग्रवाल के यहां हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना के खुलासे की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाहा को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंघानिया ने किया।ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान विपुल सिंघानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार भयमुक्त वातावरण देने का प्रयास कर रही है, लेकिन असामाजिक तत्व अपनी गतिविधियों से सरकार की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।इस दौरान सुधीर गुप्ता, प्रतीक गोयल, राजीव सिंघल, दीपक अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, बौबी वार्ष्णेय, प्रवीन वार्ष्णेय, संदीप गोयल एडवोकेट, सोमेश अग्रवाल, प्रशांत अग्रवाल, प्रगम अग्रवाल, डब्बू अग्रवाल और तरुण अग्रवाल सहित संस्थान के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 08 मई 2026