क्षेत्रीय
08-May-2026
...


- वार्ड 80 में जनसंवाद : 6 तरह के कचरा पृथक्करण और होम कंपोस्टिंग पर दिया जोर इंदौर (ईएमएस)। इंदौर को स्वच्छता में सातवें आसमान पर बनाए रखने के लिए नगर निगम अब संस्कार और संवाद के मार्ग पर चल रहा है। इसी कड़ी में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने शुक्रवार को झोन क्रमांक 21 के वार्ड क्रमांक 80 स्थित धनवंतरी नगर और प्रगति नगर में क्षेत्रीय नागरिकों व बच्चों के साथ सीधा संवाद किया। इस दौरान आयुक्त ने न केवल बड़ों को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाई, बल्कि बच्चों को भी स्वच्छता की एबीसीडी समझाते हुए उन्हें अपने घर का स्वच्छता एंबेसडर बनने के लिए प्रेरित किया। संवाद कार्यक्रम के दौरान निगमायुक्त विशेष रूप से बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे दोस्ताना अंदाज में बात की। उन्होंने बच्चों को बताया कि किस तरह छोटी-छोटी स्वच्छ आदतें जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती हैं। बच्चों को 6 प्रकार के कचरा पृथक्करण (सूखा, गीला, प्लास्टिक, बायो-मेडिकल, ई-वेस्ट और खतरनाक अपशिष्ट) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, उन्हें यह भी समझाया गया कि कैसे वे अपने घरों में होम कंपोस्टिंग के जरिए कचरे से खाद बना सकते हैं। :: जनसहभागिता ही सफलता की कुंजी : क्षितिज सिंघल क्षेत्रीय पार्षद प्रशांत बड़वे की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में आयुक्त सिंघल ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सांझा दायित्व है। उन्होंने आह्वान किया कि जनसहभागिता के बिना किसी भी अभियान को प्रभावी नहीं बनाया जा सकता। उपस्थित नागरिकों ने भी इंदौर को देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त शृंगार श्रीवास्तव सहित झोनल व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में रहवासी मौजूद थे। प्रकाश/08 मई 2026