मनोरंजन
09-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। फिटनेस के प्रति समर्पित बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर ‘वर्तुलासन’ के फायदे बताए। वीडियो में वह इस योग मुद्रा का अभ्यास करती नजर आ रही हैं। उन्होंने विस्तार से बताया कि यह आसन शरीर का लचीलापन बढ़ाने, रीढ़ को मजबूत करने और पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में कैसे मदद करता है। शिल्पा शेट्टी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वर्तुलासन एक ऐसी योग मुद्रा है, जिसमें शरीर गोलाकार स्थिति में आ जाता है। यह आसन हलासन की तरह शरीर को कई लाभ देता है। इसमें शरीर को मोड़ते हुए पीछे की ओर ले जाया जाता है, जिससे पूरी रीढ़ की हड्डी में खिंचाव पैदा होता है। अभिनेत्री के अनुसार यह आसन थायरॉइड ग्रंथि को सक्रिय करने में मदद करता है, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। इसके अलावा यह पाचन क्रिया सुधारने, रक्त संचार बढ़ाने और कंधों व ऊपरी पीठ को मजबूत बनाने में भी सहायक माना जाता है। अभिनेत्री ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को पीठ दर्द, स्लिप डिस्क, सर्वाइकल स्पोंडलोसिस या हार्निया जैसी समस्या है, तो उसे इस आसन का अभ्यास नहीं करना चाहिए। शिल्पा शेट्टी हमेशा योग को सही तरीके और विशेषज्ञ की निगरानी में करने पर जोर देती हैं। योग और आयुर्वेद विशेषज्ञ भी वर्तुलासन को शरीर के संतुलन और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी मानते हैं। आयुर्वेद के अनुसार यह आसन शरीर के वात, पित्त और कफ जैसे त्रिदोषों के संतुलन में मदद कर सकता है। माना जाता है कि इससे नसों को मजबूती मिलती है और पाचन शक्ति में सुधार होता है। इस आसन को करने के लिए सबसे पहले पद्मासन की मुद्रा में बैठना होता है। इसके बाद हाथों को जांघों और घुटनों के बीच जमीन पर रखा जाता है। फिर सांस लेते हुए पूरे शरीर को हाथों के सहारे ऊपर उठाया जाता है और कुछ सेकंड तक संतुलन बनाए रखा जाता है। इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौटना होता है। विशेषज्ञों का कहना है कि नियमित अभ्यास से शरीर में लचीलापन बढ़ता है और पेट के अंग मजबूत होते हैं। सुदामा/ईएमएस 09 मई 2026