मनोरंजन
09-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘माइसा’ की शूटिंग बॉलीवुड अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने केरल में पूरी कर ली है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह फिल्म की टीम के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रही हैं। शूटिंग की थकान के बावजूद वीडियो में पूरी टीम के चेहरे पर काम पूरा होने की खुशी साफ दिखाई दे रही है। रश्मिका मंदाना ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि केरल में फिल्म का लंबा शेड्यूल सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। उन्होंने टीम की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट को संभव बनाने में सभी लोगों ने काफी मेहनत की है। अभिनेत्री ने सभी का दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि वह जल्द ही दोबारा फिल्म के सेट पर वापसी करेंगी। बताया जा रहा है कि फिल्म ‘माइसा’ में रश्मिका मंदाना का किरदार उनके अब तक के निभाए गए किरदारों से काफी अलग और चुनौतीपूर्ण होगा। फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्य केरल की खूबसूरत लोकेशनों पर फिल्माए गए हैं। रश्मिका ने अपने पोस्ट में फिल्म के निर्देशक रविंद्र पुल्ले और प्रोडक्शन हाउस ‘अनफॉर्मूला फिल्म्स’ को भी टैग करते हुए इस अनुभव को खास बताया। ‘माइसा’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसमें रश्मिका मंदाना गोंड जनजाति की महिला के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म का निर्देशन रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं, जबकि अजय और अनिल सैय्यापुरेड्डी ने इसे अपने बैनर ‘अनफॉर्मूला फिल्म्स’ के तहत प्रोड्यूस किया है। निर्माताओं के अनुसार फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसमें एक्शन के साथ दमदार भावनात्मक कहानी भी देखने को मिलेगी। फिल्म को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। हालांकि अभी तक फिल्म की रिलीज तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दर्शकों के बीच इसे लेकर काफी उत्साह बना हुआ है। ‘माइसा’ के अलावा रश्मिका मंदाना अपनी दूसरी बड़ी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं। वह जल्द ही शाहिद कपूर और कृति सेनन के साथ फिल्म ‘कॉकटेल-2’ में नजर आएंगी। यह फिल्म साल 2012 में आई सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। जानकारी के अनुसार यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म ‘कॉकटेल-2’ का निर्देशन होमी अदजानिया कर रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 09 मई 2026