नई दिल्ली (ईएमएस)। लग्जरी फैशन ब्रांड चैनल ने ऐसा फुटवियर डिजाइन पेश किया है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। कंपनी के इस फुटवियर को सोशल मीडिया पर “आधा चप्पल” कहा जा रहा है। इस अनोखे डिजाइन ने फैशन प्रेमियों के बीच उत्सुकता पैदा कर दी है, वहीं आम लोगों के लिए यह मजाक और चर्चा दोनों का विषय बन गया है। यह चप्पल पैर के केवल पिछले हिस्से यानी एड़ी को कवर करता है, जबकि आगे का हिस्सा पूरी तरह खुला रहता है। चैनल के इस नए फुटवियर को “हाफ म्यूल” या “हाफ सैंडल” नाम दिया गया है। यह डिजाइन पारंपरिक म्यूल्स का नया रूप माना जा रहा है। ब्रांड का कहना है कि यह फुटवियर मिनिमलिस्ट फैशन, आराम और बोल्ड स्टाइल का अनोखा मिश्रण है। इसकी कीमत भी कम नहीं है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी एक जोड़ी की कीमत 800 से 1500 अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 70 हजार से 1.25 लाख रुपये तक बताई जा रही है। कुछ विशेष और लिमिटेड एडिशन मॉडल्स की कीमत इससे भी अधिक है। फैशन विशेषज्ञों का मानना है कि चैनल हमेशा से प्रयोगात्मक और अलग तरह के डिजाइन पेश करने के लिए जाना जाता रहा है। पिछले कुछ वर्षों में बैलेट फ्लैट, म्यूल्स और लैस-अप सैंडल जैसे ट्रेंड्स काफी लोकप्रिय रहे हैं। अब हाफ सैंडल को उसी प्रयोगधर्मी सोच का अगला कदम माना जा रहा है। कई सुपरमॉडल्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स इस फुटवियर को पहनकर तस्वीरें और वीडियो साझा कर रहे हैं, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो रहा है।हालांकि इस डिजाइन को लेकर लोगों की राय बंटी हुई दिखाई दे रही है। कुछ फैशन क्रिटिक्स इसे आधुनिक और भविष्यवादी डिजाइन बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे बेहद अजीब और पैसों की बर्बादी मान रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस फुटवियर को लेकर कई मजेदार टिप्पणियां भी सामने आई हैं। कुछ यूजर्स ने लिखा कि “आधा चप्पल पहनकर पूरा स्टाइल” तो कुछ ने इसे फैशन के नाम पर अति करार दिया। भारत में भी यह ट्रेंड तेजी से चर्चा में आ गया है। मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे शहरों में लग्जरी फैशन का बाजार लगातार बढ़ रहा है और चैनल, गुच्ची तथा लुई वुइटन जैसे ब्रांड्स के उत्पादों की मांग बढ़ती जा रही है। कुछ भारतीय सेलिब्रिटीज ने इस डिजाइन में रुचि दिखाई है, जबकि आम लोग इसे लेकर सोशल मीडिया पर मीम्स और मजाक साझा कर रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 09 मई 2026