- बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में कोहराम पूर्वी चंपारण (ईएमएस) ढाका प्रखंड स्थित बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव रात एक भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक दो मंजिला होलसेल किराना दुकान में लगी अचानक आग ने दो मासूम बच्चों और एक दुकान कर्मचारी समेत तीन लोगों की जान ले ली। आग इतनी भयावह थी कि इमारत के भीतर मौजूद लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और तीनों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की शुरुआत दुकान में अचानक उठी लपटों से हुई, जिसने देखते ही देखते पूरी दो मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के आगे वे बेबस नजर आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा लाखों का सामान और फर्नीचर जलकर राख हो चुका था। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट को वजह माना जा रहा है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। रामयश/ईएमएस 09 मई 2026