खंडवा,(ईएमएस)। रीवा में पदस्थ एक पुलिस कांस्टेबल अनसिंग ने इंदौर रोड पर पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या की। बड़वानी के मौरनी गांव का निवासी अनसिंग पांच दिन पहले अपने गांव जाने के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा था। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने उसका शव देखा, इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अनसिंग के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान रीवा के गढ़ थाने में तैनात कांस्टेबल के रूप में हुई। पांच अप्रैल की शाम को रीवा से निकलने के बाद से वह लापता था। परिजनों ने लगातार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। गुरुवार रात करीब 11 बजे उसने अपने चचेरे भाई, जो खरगोन में एसआई हैं, को संदेश किया मैं बहुत परेशान हूं, जिसके बाद उसका फोन फिर बंद हो गया। सूचना मिलने पर दोपहर में बड़वानी से परिजन खंडवा पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अनसिंग के बड़े भाई धूम सिंग ने बताया कि मंगलवार को उनकी आखिरी बात हुई थी, तब अनसिंग ने लेन-देन को लेकर परेशान होने की बात कही थी। हालांकि, नहीं बताया था कि किस लेन-देन को लेकर परेशानी थी। अनसिंग चार साल पहले सिपाही बना था और हाल ही में उसकी जुलवानिया की पिंकी से सगाई हुई थी, जिससे वह कॉलेज में साथ पढ़ा था। परिजन के अनुसार, अनसिंग इस सगाई को लेकर खुश था। परिवार में मां बदली बाई, दो भाई प्रेम और धूम सिंग, और दो बहनें हैं। पिता का देहांत दस साल पहले हो चुका था। देर शाम परिजन शव लेकर गृहग्राम मोरानी के लिए रवाना हुए, जहां रात में ही अंतिम संस्कार किया गया। आशीष दुबे / 09 मई 2026