भोपाल,(ईएमएस)। अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह दिख रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले ही भोपाल से जम्मू जाने वाली ट्रेनों में सीटों की भारी मांग के कारण कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है। हालात ये हो गई हैं कि यात्रा की तारीख से 60 दिन पहले टिकट बुक कराने पर भी यात्रियों को वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे के नए नियमों के अनुसार 1 नवंबर 2024 से एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (एआरपी) को 120 दिन से घटाकर 60 दिन किया गया है। इसके चलते अमरनाथ यात्रा के दौरान टिकटों की मांग और अधिक बढ़ गई है। भोपाल से जम्मू जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में मालवा एक्सप्रेस (12919), झेलम एक्सप्रेस (11077) और अंदमान एक्सप्रेस (16031) में सीटों की उपलब्धता बेहद कम है। इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलेगी। यात्रा अवधि को देखकर श्रद्धालुओं ने रेलवे से भोपाल से जम्मू के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और यात्रा सुगम हो सके। यात्रा को लेकर आईआरसीटीसी और अन्य टूर ऑपरेटरों द्वारा विशेष यात्रा पैकेज भी पेश किए जा रहे हैं। हालांकि, यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण ये पैकेज भी तेजी से भर रहे हैं। अमरनाथ यात्रा के लिए श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएबीएस) की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। यात्रियों को अधिकृत डॉक्टर से कंपल्सरी हेल्थ सर्टिफिकेट (सीएचसी) लेना जरूरी होगा। कंफर्म टिकट पाने के लिए यात्रियों को 60 दिन पहले ही बुकिंग कराने की सलाह दी जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि समय रहते स्पेशल ट्रेनें नहीं चलाई गईं तो यात्रा के दौरान हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आशीष दुबे / 09 मई 2026