राष्ट्रीय
09-May-2026


कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिलचस्प वाकया दिखाई दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे ही शपथ के लिए मंच पर पहुंचे वहां उन्होंने एक बुजुर्ग कार्यकर्ता के पैर छुए। सामने आया कि पीएम मोदी ने सबसे बुजुर्ग और सबसे पुराने कार्यकर्ता को नमन किया जो संगठन से तबसे जुड़े हैं, जब बीजेपी का जन्म भी नहीं हुआ था। ये बुजुर्ग शख्स हैं माखनलाल सरकार जिनकी 98 वर्ष की आयु है। माखनलाल सरकार आजादी के बाद भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं। साल 1952 में वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे। तभी उन्हें गिरफ्तार किया गया था। 1980 में बीजेपी के गठन के बाद उन्हें पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों का संगठन समन्वयक बनाया गया। केवल एक साल के भीतर उन्होंने करीब 10 हजार नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई थी। इस बारे में माखनलाल सरकार की पत्नी पुतुल सरकार ने बताया कि वह बहुत खुश हैं और भावुक हैं। उनके चेहरे की खुशी देखते ही बनती थी। 77 साल की पुतुल सरकार बहुत ही रुंधी आवाज में कहती हैं कि मेरे पति ने इतना बड़ा सम्मान पाया, देखकर अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि वे (माखनलाल सरकार) शुरू से ही पार्टी के लिए समर्पित रहे हैं। शादी के बाद जब मैं उनके साथ आई, तब उन्हें घंटों-घंटो संगठन के लिए काम करते देखा। कई बार भोर में ही निकल जाते थे। वह कहती हैं कि जितना मैं जानती हूं वह 16 साल की उम्र से ही आरएसएस के साथ बहुत समर्पण से जुड़े थे। सुबह-सुबह वह शाखा के लिए जाते थे। फिर बीच में कभी समय मिला, तब नाश्ते-खाने के लिए आते थे, फिर निकल जाते थे। आशीष दुबे / 09 मई 2026