-तमिलनाडु में चुनाव परिणाम के बाद से लगातार बढ़ रहा तनाव चेन्नई,(ईएमएस)। तमिलनाडु में चुनाव के बाद नई सरकार के गठन का रास्ता अभी तक साफ नहीं हुआ है, इसके बाद दक्षिण के राज्य में राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। विधानसभा चुनावों में टीवीके भले ही सबसे बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन जादुई बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें दूर है। स्पष्ट बहुमत और अन्य दलों से अभी तक स्पष्ट समर्थन न मिल पाने के कारण तमिलनाडू में सरकार गठन लगातार टल रहा है। इसी कारण, शनिवार को होने वाला थलपति विजय का संभावित शपथ ग्रहण समारोह रद्द हुआ है। राज्य में सरकार न बन पाने की स्थिति में टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय के समर्थकों में गहरा रोष देखा जा रहा है। इसके चलते शनिवार को चौंकाने वाली घटना सामने आई। इसक्कियप्पन नामक 40 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर स्वयं को आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे इसक्कियप्पन को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह विजय के मुख्यमंत्री बनने में हो रही देरी से बेहद नाराज और भावुक थे। जानकारी के मुताबिक, चार महीने पहले भी इसक्कियप्पन ने विजय के मुख्यमंत्री बनने की कामना करते हुए अपने चेहरे में 16 फीट लंबा ‘वेल’ (भाला) आर-पार किया था, जो उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दिखाता है। तमिलनाडू में सरकार गठन को लेकर बढ़ते तनाव के बीच, तमिलिसाई सौंदराराजन ने टीवीके प्रमुख थलपति विजय से शांति बनाए रखने की अपील करने का आग्रह किया है। तमिलिसाई ने कहा कि तमिलनाडु में हर व्यक्ति नई सरकार के गठन को लेकर भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है और लोग चाहते हैं कि बनने वाली सरकार स्थिर हो। उन्होंने कहा कि जनता के जनादेश का सम्मान किया जा रहा है और इसी वजह से सरकार गठन के लिए कई मौके दिए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर कार्यकर्ताओं की भावनात्मक प्रतिक्रियाओं पर गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि वल्लियूर में एक अन्य व्यक्ति ने भी आत्मदाह का प्रयास किया, और उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। तमिलिसाई ने विजय से अपील करते हुए कहा कि वह तुरंत अपने समर्थकों और उन्हें वोट देने वाले लोगों के नाम शांति बनाए रखने और किसी भी खतरनाक कदम से बचने की सलाह देने का संदेश जारी करें। आशीष दुबे / 09 मई 2026