तीन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार, 89 हथियार बरामद -17 बंदूकें चोरी की, कनाडा स्मगल करने की कर रहे थे कोशिश वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका की एफबीआई ने कनाडा में हथियारों की तस्करी करने की कोशिश कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 89 हथियार बरामद हुए हैं। इनमें से कम से कम 17 हथियार चोरी के हैं। 7 मई की न्यूयॉर्क स्टेट पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के शक में एक सफेद फोर्ड एक्सप्लोरर कार को रोका। जब पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ शुरू की उन लोगों ने गोल-मोल जवाब दिए। शक होने पर पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला। तलाशी के दौरान एक के पास एक एक्सपायर्ड पाकिस्तानी नेशनल ड्राइविंग परमिट बरामद हुआ। ये परमिट किसी अफगान नागरिक के नाम पर था। इसके बाद जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उन्हें भारी सूटकेस मिला। सूटकेस खोलने पर पुलिस को उसमें हथियारों का जखीरा भरा मिला। एफबीआई के असिस्टेंट डायरेक्टर ने बताया कि इन आरोपियों ने 89 हथियारों को कनाडा स्मगल करने की कोशिश थी। इनमें से 17 बंदूकें चोरी की थीं। वहीं, अमेरिकी अटॉर्नी जे क्लेटन ने कहा कि इन हथियारों में शॉर्ट-बैरल राइफलें भी शामिल थीं। इन आरोपियों ने न सिर्फ देश की सुरक्षा को खतरे में डाला, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हथियारों की तस्करी की कोशिश की है। पकड़े गए तीनों आरोपी अलग-अलग देशों की नागरिकता रखते हैं। मलिक ब्रोमफील्ड (22) कनाडा का नागरिक है, फैजान अली (25) पाकिस्तान, कमाल सलमान (22) के पास कनाडा, अमेरिका और जॉर्डन की नागरिकता है। इन तीनों पर हथियारों की तस्करी, बिना लाइसेंस हथियारों का व्यापार, चोरी के हथियारों का परिवहन और अवैध हथियार रखने के गंभीर आरोप हैं। इन अपराधों के लिए उन्हें अलग-अलग धाराओं में 10 से 15 साल तक की जेल हो सकती है। फिलहाल तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की आगे की जांच जारी है। सिराज/ईएमएस 09मई26