अंतर्राष्ट्रीय
09-May-2026


बाली (ईएमएस)। इंडोनेशिया के नॉर्थ हलमहेरा स्थित माउंट डुकोनो ज्वालामुखी में हुए विस्फोट में तीन ट्रैकर्स की मौत हो गई। मृतकों में दो विदेशी नागरिक शामिल हैं। ये सभी ट्रैकर्स प्रतिबंधित क्षेत्र में मौजूद थे। पुलिस के अनुसार, विस्फोट के समय कुल 20 ट्रैकर्स पहाड़ पर थे, जिनमें नौ सिंगापुर के नागरिक और बाकी इंडोनेशियाई थे। बचाव दल ने अब तक 15 लोगों को सुरक्षित नीचे उतार लिया है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं। ज्वालामुखी फटने के बाद करीब 10 किलोमीटर की ऊंचाई तक राख और धुएं का गुबार उठा, जिसके चलते आसपास के इलाकों में राख गिरने की चेतावनी जारी की गई है। अधिकारियों ने बताया कि ज्वालामुखी निगरानी एजेंसी ने दिसंबर से ही क्रेटर के चार किलोमीटर के दायरे में जाने पर रोक लगा रखी थी, लेकिन ट्रैकर्स ने इन चेतावनियों को नजरअंदाज किया। पुलिस ने ट्रैकिंग गाइड और एक पोर्टर को प्रतिबंधित इलाके में पर्यटकों को ले जाने के आरोप में हिरासत में लिया है। मामले में आपराधिक कार्रवाई किए जाने की संभावना है। आशीष दुबे / 09 मई 2026