अंतर्राष्ट्रीय
09-May-2026


बांग्लादेशी पीएम रहमान पहले जाएंगे चीन -चीनी राजदूत बोले- चीन राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक विकास में बांग्लादेश को समर्थन देता रहेगा ढाका,(ईएमएस)। चीन के राजदूत याओ वेन ने कहा है कि बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान की चीन की आगामी यात्रा दोनों देशों के बीच साझेदारी को और मजबूत करेगी। ढाका में चीन-बांग्लादेश शासन अनुभव आदान-प्रदान विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और चीन के बीच संबंध एक नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। चीन राजनीतिक स्थिरता, आर्थिक विकास और जन कल्याणकारी गतिविधियों को बनाए रखने में बांग्लादेश को अपना पूरा समर्थन देता रहेगा। बता दें कुछ साल पहले तक भारत के पड़ोसी देशों के नए पीएम अपने पहले विदेशी दौरे के लिए नई दिल्ली को चुनते थे लेकिन पिछले कुछ सालों में ये ट्रेंड तेजी से बदला है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू अपने पहले विदेशी दौरे के लिए नई दिल्ली नहीं आए थे और अब अगर तारिक रहमान भी चीन जाते हैं तो ये भारत की पड़ोसी पहले नीति के लिए बड़ा झटका होगा। नेपाल के पीएम बालेन शाह ने हालांकि पहले विदेशी दौरे के लिए भारत को चुना है लेकिन अभी तक उनके दौरे पर सस्पेंस बना हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चीन के राजदूत याओ ने कहा कि बांग्लादेश में नई सरकार के सत्ता में आने के बाद से दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय बातचीत और करीब हो गई। उन्होंने बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान की हालिया चीन यात्रा और दोनों देशों द्वारा पहली बार जारी किए गए संयुक्त बयान को द्विपक्षीय संबंधों में एक अमम प्रगति बताया। राजदूत ने कहा कि चीन बांग्लादेश की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने में उसका समर्थन जारी रखेगा। साथ ही उन्होंने वन चाइना नीति के प्रति बांग्लादेश के निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। राजदूत याओ ने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद से चीनी कंपनियों ने बांग्लादेश में करीब 10 करोड़ डॉलर का निवेश किया है जिससे करीब 10,000 लोगों के लिए रोजगार पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि चीन कई बड़ी परियोजनाओं पर काम कर रहा है जिनमें तीस्ता नदी मास्टर प्लान, मोंगला बंदरगाह का आधुनिकीकरण और ढाका विश्वविद्यालय में छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के आवासीय हॉल का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा बीजिंग बांग्लादेश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में और अधिक निकटता से काम करना चाहता है। रिपोर्ट के मुताबिक याओ ने कहा कि दोनों देशों के बीच लोगों का आपसी संपर्क पहले से कहीं ज्यादा बढ़ा है। इस साल अब तक चीन ने 32,000 बांग्लादेशियों को वीजा जारी किए हैं और साल के आखिर तक यह संख्या 100,000 से ज़्यादा हो सकती है। चीनी राजदूत ने उम्मीद जताई कि पीएम रहमान की होने वाली यात्रा से बांग्लादेश और चीन के बीच व्यापक रणनीतिक सहकारी साझेदारी और मजबूत होगी। हालांकि ये यात्रा कब होगी इसकी जानकारी नहीं दी। सिराज/ईएमएस 09मई26