गुना (ईएमएस)।जिला मुख्यालय के समीप ए.बी. रोड पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चिंताहरण मंदिर के पास स्थित शराब दुकान के सामने की है, जहाँ एक तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि ई-रिक्शा में सवार दोनों व्यक्ति उछलकर सड़क से कई फीट दूर जा गिरे। असंतुलित होकर कार से टकराया रिक्शा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 11 बजे एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी दिशा में मुड़ गया, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में रिक्शा चालक दीपक प्रजापति (निवासी गोकुल सिंह का चक) और उसका साथी कल्लू गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दुर्घटना में ई-रिक्शा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सिस्टम की लाचारी: नहीं मिली एंबुलेंस हादसे के बाद मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर भी सामने आई। सूचना देने के काफी देर बाद भी मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुँची। अंततः स्थानीय निवासी धर्मवीर सिंह ढिल्लो ने अन्य लोगों की मदद से दोनों घायलों को एक निजी ऑटो के जरिए जिला अस्पताल पहुँचाया। चिकित्सकों के अनुसार, चालक दीपक की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, दूसरा घायल कल्लू राजस्थान का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, प्राथमिक चर्चाओं में घायलों के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है।-सीताराम नाटानी