बिलासपुर (ईएमएस)। मंगलवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोनी की छात्रा हर्षिता पटेल को छत्तीसगढ़ शासन की प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 15 हजार की सम्मान राशि प्रदान की गई। हर्षिता ने 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गतका खेल में छत्तीसगढ़ को सिल्वर मेडल दिलाकर प्रदेश का नाम रोशन किया था।यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 17 जनवरी से 20 जनवरी तक रायपुर में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में पदक हासिल करने वाले खिलाडयि़ों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। इसी क्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने हर्षिता को 15 हजार का चेक सौंपकर सम्मानित किया।इस दौरान कलेक्टर ने छात्रा को भविष्य में भी खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। हर्षिता की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।विद्यालय की प्राचार्य अर्चना शर्मा सहित व्याख्याता रत्नेश दुबे, प्रदीप शर्मा, सतीश रात्रे, उमेश मिश्रा, जीपी पांडे, अमित मिश्रा, वीरेंद्र कश्यप, चितरंजन सिंह एवं विशाल पटेल ने हर्षिता को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। - 09 मई 2026