क्षेत्रीय
09-May-2026
...


सीतापुर (ईएमएस)। यूपी के सीतापुर में 12 वर्षीय बालक की हत्या कर दी गयी। बंद पड़े मकान के कमरे में बेड के नीचे खून से लथपथ लाश देख घरवाले चीख उठे। धारदार हथियार से वार करके वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक घटना बिसवां कोतवाली क्षेत्र के शहरी सराय गांव की है। गांव निवासी हमीद ने बताया कि उनका 12 वर्षीय पुत्र अल्तमश कक्षा चार का छात्र था। बीती शाम करीब पांच बजे वह घर से अचानक लापता हो गया। परिवार के लोग देर रात तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। खोजबीन के दौरान परिजन भाई के बंद पड़े मकान में छत के रास्ते पहुंचे। वहां कमरे के अंदर बेड के नीचे खून से लथपथ अल्तमश का शव पड़ा मिला। शव छिपाने के लिए बेड के नीचे दो बक्से भी लगाए गए थे। बच्चे की गर्दन पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। पुलिस को दी तहरीर में मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि घटना के समय घर में मौजूद मुदस्सिर नामक युवक पर उन्हें हत्या का संदेह है। आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी मकान बंद करके फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। जितेन्द्र 09 मई 2026