क्षेत्रीय
09-May-2026
...


औरैया (ईएमएस)। यूपी के औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र में भीखेपुर-जुहीखा मार्ग पर बीती रात को तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार सगे भाइयों को टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई बाइक समेत इकबालपुर बंबा में गिर गए। रात भर पानी में पड़े रहने से दोनों की हालत बिगड़ गई। सुबह राहगीरों ने उन्हें पानी में पड़ा देखा, तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी अयाना में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने छोटे भाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़े भाई चिचौली मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर मौत हो गई। अयाना थाना क्षेत्र के भौतापुर निवासी अभिषेक(23) पुत्र सतीश बाबू गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था। वह अपने साथ काम करने वाले भीखेपुर निवासी दोस्त आदि की बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। बीती रात को वह अपने छोटे भाई विकास के साथ बाइक से दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने के भीखेपुर जा रहे थे। भिखेपुर-जुहीखा मार्ग पर इकबालपुर के पास उनकी बाइक में तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक सहित गड्डे में जा गिरे। घायल अवस्था में रातभर पानी में पड़े रहने से दोनों की हालत बिगड़ गई। सुबह राहगीरों ने दोनों को गड्डे में पड़ा देख, घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी अयाना में ले गई। वहां डॉक्टर ने विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अभिषेक की हालत नाजुक देखते हुए चिचौली मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिचौली पहुंचने पर उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जितेन्द्र 09 मई 2026