- मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा ग्राम पंचायत बहुआ का निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार के दिए निर्देश भिंड ( ईएमएस ) | मुख्य कार्यपालन* अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड द्वारा आज जनपद पंचायत मेहगांव अंतर्गत ग्राम पंचायत बहुआ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सी.सी. रोड एवं जल गंगा संवर्धन से संबंधित कार्यों का जायजा लिया गया। साथ ही पुराने कुएं एवं तालाबों की साफ-सफाई जनसहयोग से कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए, ताकि जल संरक्षण कार्यों को प्रभावी बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान सी.सी. रोड निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांच कराने हेतु E.RES को निर्देशित किया गया। वहीं पंचायत सचिव के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्हें नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्राम पंचायत खितौली में अधूरे अमृत सरोवर कार्य पर नाराजगी, 8 दिन में पूर्ण करने के निर्देश इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने जनपद पंचायत गोहद की ग्राम पंचायत खितौली पहुंचकर वर्ष 2025-26 के अमृत सरोवर कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य अधूरा पाए जाने पर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं उपयंत्री को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 8 दिवस के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाए, अन्यथा सरपंच के विरुद्ध धारा 40 के तहत कार्रवाई की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि शासकीय विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी व्यक्ति कार्य रुकवाने का प्रयास करेगा, उसके विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया जाएगा। साथ ही पुराने अमृत सरोवर को शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।