राष्ट्रीय
09-May-2026


जयपुर (ईएमएस)। राजस्थान सरकार के शासन सचिवालय परिसर में शनिवार दोपहर तब हड़कंप मच गया जब सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) के न्यूज सेक्शन में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों की मुस्तैदी और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। डीआईपीआर के उच्चाधिकारियों ने न्यूज सेक्शन का जायजा लिया है और अब नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसमें कंप्यूटर, तकनीकी उपकरण और महत्वपूर्ण दस्तावेजों के जलने की आशंका है। गौर करने वाली बात यह है कि सचिवालय में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठीक एक साल पहले भी इसी डीआईपीआर कार्यालय के एक कमरे में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, जिसमें कुछ जरूरी फाइलें और फर्नीचर जल गए थे। बार-बार एक ही विभाग में बिजली संबंधी गड़बड़ी से आग लगना, शासन सचिवालय की पुरानी वायरिंग और अग्नि सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है। अधिकारियों ने विद्युत व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा इंतजामों की नए सिरे से समीक्षा करने की बात कही है। आशीष दुबे / 09 मई 2026