-बंगाल चुनाव 2026 में निर्वाचन आयोग के स्पेशल ऑब्जर्वर रहे गुप्ता को नई सरकार में अहम जिम्मेदारी कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलावों की शुरुआत हो गई है। राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का सलाहकार नियुक्त किया है। इस संबंध में शनिवार को पश्चिम बंगाल सरकार के कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी की। बंगाल कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी रहे डॉ. सुब्रत गुप्ता हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा ‘स्पेशल रोल ऑब्जर्वर’ नियुक्त किए गए थे। चुनाव प्रक्रिया संपन्न होने के बाद निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को उन्हें उनके दायित्वों से मुक्त कर दिया था। इसके तुरंत बाद राज्य सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी। प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ सरकारी अधिकारियों के अनुसार, डॉ. सुब्रत गुप्ता का लंबा प्रशासनिक अनुभव नई सरकार को नीति निर्माण और प्रशासनिक सुधारों में मदद करेगा। अधिसूचना में कहा गया है कि राज्यपाल की मंजूरी के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। डॉ. गुप्ता पश्चिम बंगाल के मूल निवासी हैं और उन्हें राज्य की प्रशासनिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों की गहरी समझ मानी जाती है। उन्होंने अपने 35 वर्षों के सेवाकाल में 27 अलग-अलग प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाली हैं। वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस, दोनों सरकारों के दौरान उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। निर्वाचन आयोग ने नवंबर 2025 में उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की निगरानी के लिए ‘स्पेशल रोल ऑब्जर्वर’ नियुक्त किया था। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई। शांतनु बाला बने मुख्यमंत्री के निजी सचिव नई सरकार ने मुख्यमंत्री कार्यालय के पुनर्गठन के तहत एक और महत्वपूर्ण नियुक्ति की है। 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। शांतनु बाला इससे पहले दक्षिण 24 परगना जिले में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत थे। हिदायत/ईएमएस 09मई26