राष्ट्रीय
09-May-2026


गोंडा,(ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के गोंडा में समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग के प्रदेश सचिव के भतीजे जयश वर्मा ने पारंपरिक रीति-रिवाजों को छोड़कर संविधान की शपथ लेकर शादी की है। नवाबगंज ब्लॉक के सतिया सुरजापुर में हुई यह अनोखी शादी अब समाज में एक नई बहस और चर्चा का केंद्र बन गई है। जयश ने अपनी शादी में हिंदुस्तान के संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया, जिसने पारंपरिक रस्मों की जगह ले ली। जयश का कहना है कि जहां हर धर्म और मजहब की अपनी-अपनी परंपराएं होती हैं, वहीं असली न्याय और सुरक्षा केवल संविधान से ही मिलती है। उन्होंने तर्क दिया कि जब हर समस्या का समाधान संविधान में मौजूद है, तब एक नई जिंदगी की शुरुआत भी उसी वैज्ञानिक और कानूनी आधार पर क्यों न की जाए। इस संवैधानिक विवाह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यह पहल अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और इसने पूरे जिले में एक नई सोच को जन्म दिया है। आशीष दुबे / 09 मई 2026