अंतर्राष्ट्रीय
09-May-2026


ढाका,(ईएमएस)। पाकिस्तान बांग्लादेश में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिशों में जुटा हुआ है, इसके तहत पाकिस्तान ने पड़ोसी देश के सुरक्षा बलों को प्रशिक्षण देने और राजधानी ढाका में सीसीटीवी कैमरे लगाने की पेशकश की है। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के ढाका दौरे पर दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण सुरक्षा समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। इन समझौतों को बांग्लादेश में पाकिस्तान के पैर जमाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर शेख हसीना की सरकार जाने के बाद से पाकिस्तान लगातार अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। समझौते के अनुसार, पाकिस्तान और बांग्लादेश ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध व्यापार और दुरुपयोग से निपटने में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। पाकिस्तानी गृहमंत्री नकवी ने अपने बांग्लादेशी समकक्ष सलाहुद्दीन अहमद के साथ मुलाकात में डील को अंतिम रूप दिया। इस सहयोग के तहत, दोनों देशों की एजेंसियां ​​मादक पदार्थों के तस्करों और उनके नेटवर्क पर जानकारी साझा करेंगी, जिसमें कर्मियों के प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक का आदान-प्रदान भी शामिल है। समझौते का एक प्रमुख हिस्सा सेफ सिटी परियोजना है, इसके तहत पाकिस्तान ढाका में बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाएगा। यह परियोजना इस्लामाबाद में चीन द्वारा स्थापित इसी तरह के निगरानी नेटवर्क से प्रेरित है। नकवी ने बांग्लादेशी गृहमंत्री को सेफ सिटी परियोजना के हर पहलू पर पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है। यह पहल बांग्लादेश में पाकिस्तान की बढ़ती मौजूदगी और सुरक्षा क्षेत्र में उसके सहयोग को दर्शाती है। दोनों देशों ने साइबर अपराधों और वित्तीय धोखाधड़ी से निपटने के साथ-साथ पुलिस अकादमियों में अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। गृह मंत्रियों ने भविष्य में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए सचिव-स्तरीय एक संयुक्त कार्य समूह स्थापित करने पर भी सहमति व्यक्त की है। मोहसिन नकवी का यह दौरा और ये समझौते उस समय में हुए हैं, जब पाकिस्तानी सरकार बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने पर सक्रिय रूप से जोर दे रही है, खासकर हाल ही में बांग्लादेश में हुए राजनीतिक बदलावों के बाद। आशीष दुबे / 09 मई 2026