राष्ट्रीय
09-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। रेलवे से दिल्ली, यूपी या बिहार की यात्रा को लेकर अक्सर सावधानी बरतने वाले महाराष्ट्र के यात्रियों के लिए एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। दरअसल राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, रेल यात्रा के दौरान होने वाले अपराधों के मामले में महाराष्ट्र देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। राज्य रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा दर्ज आंकड़ों ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 में देशभर में जीआरपी ने कुल 83,699 मामले दर्ज किए। इनमें अकेले महाराष्ट्र में चोरी, लूट और डकैती के 20,519 मामले सामने आए। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि देशभर में दर्ज 59,521 संपत्ति चोरी के मामलों में से 19,714 घटनाएं सिर्फ महाराष्ट्र की रेल लाइनों पर हुईं। रेल यात्रा के दौरान महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध भी तेजी से बढ़े हैं। रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र में रेल यात्रा के दौरान बलात्कार के 6 और यौन उत्पीड़न के 45 मामले दर्ज किए गए। वहीं महिलाओं और बच्चों के खिलाफ कुल 146 अपराध दर्ज हुए हैं। इसके अलावा हत्या जैसे गंभीर अपराधों के भी 11 मामले सामने आए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुंबई उपनगरीय रेल की भारी भीड़ अपराधियों के लिए आसान मौका बन रही है। हर दिन चलने वाली 400 से ज्यादा लंबी दूरी की ट्रेनें और लगभग 80 लाख यात्रियों की आवाजाही के कारण जेबकतरे और चोर सक्रिय रहते हैं। सोते हुए यात्रियों के मोबाइल और पर्स चोरी करना, महिलाओं से छेड़छाड़ और भीड़ का फायदा उठाकर अपराध करना आम होता जा रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यात्री अपने कीमती सामान की सुरक्षा खुद करें और अनजान लोगों पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत जीआरपी या आरपीएफ हेल्पलाइन पर देने की सलाह दी गई है। संतोष झा- ०९ मई/२०२६/ईएमएस