नई दिल्ली,(ईएमएस)। बीजेपी के प्रवक्ता शाहजाद पूनावाला ने पश्चिम बंगाल में नई बीजेपी सरकार के गठन के बाद सोशल मीडिया पर जातिवाद और सांप्रदायिक राजनीति पर निशाना साधकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल के नए मंत्रिमंडल में कोई “रोहिंग्या” या “बांग्लादेशी” नहीं है, बल्कि सभी मंत्री भारतीय बंगाली समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। बीजेपी प्रवक्ता पूनावाला ने कैबिनेट के प्रमुख चेहरों का जिक्र कर लिखा कि सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष, अग्निमित्रा पाल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुडू और नीतिश सभी भारतीय बंगाली हैं। उन्होंने “एक हैं, सबसे सुरक्षित हैं” का संदेश देकर विपक्ष पर जातीय और धार्मिक विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल में बीजेपी का कोई नेता मुख्यमंत्री बना है। शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। शुभेंदु ने बांग्ला भाषा में शपथ लेकर जनता का अभिवादन किया। इसके बाद मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली। अग्निमित्रा पॉल लगातार दो चुनाव जीत चुकी हैं, जबकि दिलीप घोष पार्टी संगठन में लंबे समय तक अहम भूमिका निभा चुके हैं। विधानसभा की कुल 294 सीटों के आधार पर राज्य में अधिकतम 44 मंत्री बनाए जा सकते हैं। संविधान के अनुसार किसी भी राज्य में मंत्रियों की संख्या विधानसभा के कुल सदस्यों के 15 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकती। आशीष दुबे / 09 मई 2026