-हरियाणा पुलिस को थी लंबे समय से तलाश नई दिल्ली,(ईएमएस)। सीबीआई ने विदेश और गृह मंत्रालय की मदद से गैंगस्टर अभय उर्फ अभय राणा को पुर्तगाल से भारत वापस लाने में सफलता पा ली है। हरियाणा पुलिस को कई गंभीर मामलों में उसकी तलाश थी। अभय राणा हरियाणा में दर्ज कई आपराधिक मामलों में वांछित था। इन मामलों में रंगदारी, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध सिंडिकेट का संचालन, हत्या का प्रयास और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। करनाल जिले में दर्ज मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी और उसके सहयोगी वॉट्सएप कॉल सहित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को फिरौती के लिए धमकाते थे। जो लोग उनकी मांगें पूरी नहीं करते थे, उन पर गिरोह के सदस्यों द्वारा हमला किया जाता था। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई। नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (एनसीबी-नई दिल्ली) ने हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर इंटरपोल चैनलों के माध्यम से आरोपी अभय के खिलाफ रेडकार्नर नोटिस जारी कराया। आरोपी की लोकेशन का पता लगने और पुर्तगाल की एजेंसियों द्वारा गिरफ्तारी के बाद भारत की ओर से प्रत्यर्पण अनुरोध भेजा गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुर्तगाल के अधिकारियों ने आरोपी के भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी। आशीष दुबे / 09 मई 2026