नई दिल्ली (ईएमएस)। तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक पल सामने आया है। अभिनेता से नेता बने विजय को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राज्य का नया मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही तमिलनाडु में नई सरकार गठन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। सूत्रों के अनुसार विजय रविवार को दोपहर तीन बजकर पंद्रह मिनट पर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाले विजय के दल ने एक सौ आठ सीटों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन बहुमत के आंकड़े से कुछ सीट पीछे रह गया था। इसके बाद विजय ने सहयोगी दलों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा और समर्थन जुटाने की मुहिम तेज की। अब कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, विदुथलाई चिरुथैगल काची तथा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग सहित कई दलों के समर्थन के बाद विजय के पक्ष में एक सौ इक्कीस विधायकों का समर्थन जुट गया है। दो सौ चौंतीस सदस्यीय विधानसभा में सरकार गठन के लिए एक सौ अठारह विधायकों का समर्थन जरूरी था, जिसे विजय ने आसानी से पार कर लिया है। राज्यपाल से मुलाकात के दौरान विजय ने समर्थक विधायकों का पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। राज्यपाल से मुलाकात के बाद विजय लोक भवन से रवाना हुए तो चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई हिस्सों में समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। पटाखों, ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच विजय के समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब पूरे प्रदेश की निगाहें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हुई हैं। सुबोध/०९-०५-२०२६