- शहर में शाम की गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान जारी मंडला (ईएमएस)। नवागत पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी हेतु मंडला पुलिस द्वारा लगातार शाम के समय गश्त एवं सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पड़ाव रोड में विशेष वाहन चेकिंग अभियान लगाया गया, जिसमें आने-जाने वाले वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों से आवश्यक पूछताछ करते हुए वाहनों में किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु अथवा अवैध सामग्री की जांच की गई। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा शहर के प्रमुख घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगातार शाम के समय भ्रमण एवं पेट्रोलिंग के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के पालन में थाना कोतवाली एवं थाना महाराजपुर पुलिस द्वारा माहिष्मती घाट, रपटा घाट, नाव घाट, जेल घाट, रंगरेज घाट, किला घाट, गऊ घाट, संगम घाट, कुंभ घाट, दादा धनीराम घाट एवं सहस्त्रधारा घाट सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, अनावश्यक रूप से घूमने वाले तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। साथ ही आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक समझाइश भी दी जा रही है। ईएमएस / 09/05/2026