राज्य
09-May-2026
...


:: मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, बालक वर्ग-14 वर्ष आयु समूह में खिलाड़ियों ने दर्ज की एकतरफा जीत :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में इंदौर टेनिस क्लब के सिंथेटिक कोर्ट पर प्योरा श्योर ऑल इण्डिया टैलेंट सीरीज जूनियर टेनिस टूर्नामेंट का आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए क्वालिफाइंग राउंड के मुकाबलों में स्थानीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। बालक वर्ग-14 वर्ष आयु समूह में मध्य प्रदेश के विहान नवाब, शिवांश पाण्डेय और रूहान तलरेजा ने अपने-अपने मैच आसानी से जीतकर फाइनल क्वालिफाइंग राउंड में प्रवेश कर लिया है। शनिवार को खेले गए क्वालिफाइंग दौर में शिवांश पाण्डेय और रूहान तलरेजा ने अपनी आक्रामक सर्विस और बेहतरीन ग्राउंड स्ट्रोक्स के दम पर विपक्षी खिलाड़ियों को टिकने का कोई मौका नहीं दिया। दोनों ने क्रमशः वंश शर्मा और अदविक गोयल को 8-0 के एकतरफा अंतर से करारी शिकस्त दी। वहीं, विहान नवाब ने तकनीकी खेल का परिचय देते हुए समवर्ध सोनी को 8-3 से पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। बालक वर्ग के अन्य मुकाबलों में गुजरात के अरहम उदानी ने मध्य प्रदेश के समवेद जोशी को 8-0 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। रेयांश पटेल ने हिरदान डागा को 8-3 से और राजवीर राय ने सी. अक्षजकुमार को कड़े संघर्ष के बाद 8-5 से मात दी। महाराष्ट्र से आए सक्षम जैन ने अर्जुन बिंद्रा के खिलाफ 8-4 से जीत दर्ज की। शिवम ठाकुर ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हितक्रत रांका को 8-0 से शिकस्त दी। दिन के अंतिम मैचों में अथर्व लाहोटी ने विवान केडिया को 8-3 और मेधांश केलोत्रा ने विवान त्रिवेदी को 8-0 से हराकर अंतिम क्वालिफाइंग राउंड का टिकट पक्का किया। अब इन खिलाड़ियों के बीच मुख्य ड्रा में प्रवेश के लिए अंतिम भिड़ंत होगी। प्रकाश/09 मई 2026