:: बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे माधव सृष्टि और छावनी रेडक्रॉस सेंटर पर जुटेंगे विशेषज्ञ; सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक होगा परीक्षण :: इंदौर (ईएमएस)। बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन, संस्था छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी एवं गुरुजी सेवा न्यास के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में शहर की महिलाओं के लिए दो दिवसीय वृहद निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 20 और 21 मई को आयोजित होने वाले ये शिविर बॉम्बे हॉस्पिटल के पीछे संचालित चमेलीदेवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर (माधव सृष्टि) और छावनी स्थित चमेलीदेवी रेडक्रॉस सेंटर पर एक साथ आयोजित होंगे। शिविरों के सफल संचालन के लिए स्नेह नगर स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित बैठक में बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन की ट्रस्टी वंशिका तपन अग्रवाल, डॉ. आर.के. गौड़ एवं छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी के गोपाल गोयल सहित शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की प्रतिनिधि महिलाओं ने शिरकत की। बैठक में शिविर की तैयारियों, प्रचार-प्रसार और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। :: विशेषज्ञ देंगे परामर्श और होंगी निशुल्क जांचें :: शिविर संयोजक गोपाल गोयल एवं संदीप गोयल ने बताया कि यह संभवतः शहर में पहला अवसर है जब दो अलग-अलग केंद्रों पर केवल महिलाओं के लिए इस स्तर का निशुल्क शिविर आयोजित हो रहा है। दोनों दिन सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक प्रसिद्ध महिला रोग विशेषज्ञ हर उम्र की महिलाओं के स्वास्थ्य का परीक्षण करेंगे और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी परामर्श देंगे। चिकित्सकों की सलाह पर अत्याधुनिक मशीनों से आवश्यक जांचें भी निशुल्क की जाएंगी। :: पूर्वी और मध्य क्षेत्र की महिलाओं को मिलेगा लाभ :: दो अलग-अलग स्थानों (माधव सृष्टि एवं छावनी) पर शिविर रखने का मुख्य उद्देश्य यह है कि शहर के पूर्वी एवं मध्य क्षेत्रों की जरूरतमंद महिलाएं अपने नजदीकी केंद्र पर सुगमता से पहुंच सकें। बैठक में उपस्थित मातृशक्ति ने हाल ही में फाउंडेशन द्वारा चलाए गए मधुमेह एवं मोटापा मुक्त अभियान की सराहना करते हुए विनोद अग्रवाल के सेवा कार्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में मीना अग्रवाल, रश्मि गोयल, नीना बदरुका, रंजना ताई, वर्षा मूलचंदानी सहित कई संगठनों की पदाधिकारी उपस्थित थीं। प्रकाश/09 मई 2026 संलग्न चित्र : इंदौर। बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन, चमेलीदेवी स्वास्थ्य केंद्र (माधव सृष्टि), छावनी स्थित चमेलीदेवी रेडक्रॉस सेंटर एवं संस्था छवि सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित किए जा रहे निशुल्क शिविरों की प्रचार सामग्री का लोकार्पण करते चारों संस्थानों के प्रतिनिधि।