क्षेत्रीय
09-May-2026


ई-विकास पोर्टल से किसानों को उपलब्ध कराया जा रहा उर्वरक नरसिंहपुर,(ईएमएस)।. उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि खरीफ फसलों की बोनी की तैयारियों के लिए जिले में खाद का पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। जिले में वर्तमान स्थिति में 12 हजार 829 मैट्रिक टन यूरिया, एक हजार 673 मैट्रिक टन डीएपी, 5 हजार 537 मैट्रिक टन एनपीकेएस, 504 मैट्रिक टन एमओपी और 12 हजार 45 मैट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) का सुरक्षित भंडारण किया जा चुका है। ई- विकास प्रणाली (ई-टोकन उर्वरक वितरण) अंतर्गत जिले में 49 हजार 352 किसानों के द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया गया, जिसके अंतर्गत एक अप्रैल 2026 से 17 हजार 852 किसानों द्वारा ई-टोकन के माध्यम से उर्वरक क्रय किया गया है। उपसंचालक कृषि ने जिले के सभी किसान से आग्रह किया है कि वे अपनी फसल के लिए खाद को सोसायटी या दुकान से ई-विकास पोर्टल के माध्यम से बुक कराकर प्राप्त कर सकते हैं। इस पारदर्शी आनलाइन प्रणाली में राजस्व पट्टाधारी, वन पट्टाधारी, सिकमी किसान, शारीरिक रूप से अक्षम व वृद्ध किसान, मृतक किसान के स्वजन और धार्मिक संस्थान या ट्रस्ट की जमीन के लिए भी खाद उपलब्ध कराने की विशेष सुविधा दी गई है। किसान चाहें तो खरीफ फसलों के लिए अनुशंसित यूरिया, एसएसपी, एनपीके, डीएपी और पोटाश खाद की पूरी मात्रा एक बार में ही उठा सकते हैं। इसके अलावा यदि किसान चाहें तो अपनी मर्जी और आवश्यकता के अनुसार पोर्टल पर प्रक्रिया का पालन करते हुए सुविधानुसार दोबारा भी खाद की बुकिंग कर सकते हैं। प्रशासन की इस व्यवस्था से किसानों को खाद के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और बोनी का कार्य सुगमता से हो सकेगा। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 09 मई 2026