:: अंधेरी पोस्ट ऑफिस के हाईटेक स्वरूप का उद्घाटन; बोले- दिल की बात स्क्रीन से नहीं, स्याही से बेहतर निकलती है :: मुंबई (ईएमएस)। आज के दौर में जब हम लगातार नोटिफिकेशन, स्क्रॉलिंग और ब्लू टिक वाली बातचीत में उलझे हुए हैं, हम उस आत्मीयता को खो रहे हैं जो केवल एक हस्तलिखित पत्र में होती है। एक चिट्ठी को लिखने में जो समय, धैर्य और भावना लगती है, वह किसी इंस्टेंट मैसेज में नहीं मिल सकती। यह भावुक संदेश केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने मुंबईवासियों को दिया। अवसर था मुंबई के ऐतिहासिक अंधेरी रेलवे स्टेशन (आरएस) पोस्ट ऑफिस के नए और आधुनिक स्वरूप के उद्घाटन का। शनिवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जन सेवा कनेक्ट पहल के तहत इस फ्यूचर-रेडी डाकघर का लोकार्पण किया। 1932 में स्थापित इस डाकघर को अब तकनीक और आधुनिक वास्तुकला के मेल से एक कॉर्पोरेट लुक दिया गया है। :: रोजाना एक घंटा मोबाइल से दूर रहने की सलाह :: सिंधिया ने डिजिटल युग की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि शायद अब समय आ गया है कि हम फिर से कुछ अधिक मानवीय संवाद की ओर लौटें। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा, हमें प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने मोबाइल से दूर रहकर अपने विचारों और भावनाओं को कागज पर लिखना चाहिए। पोस्ट ऑफिस अब सिर्फ चिट्ठियां नहीं पहुंचा रहा, बल्कि हमें फिर से खुद से जोड़ने का जरिया बन रहा है। :: आम आदमी के भरोसे का केंद्र है डाकघर : फडणवीस मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डाकघर आज भी आम आदमी के भरोसे का सबसे बड़ा केंद्र है। इंडिया पोस्ट ने पिछले कुछ वर्षों में खुद को तकनीक के साथ तेजी से बदला है। इस दौरान सिंधिया ने जानकारी दी कि वित्त वर्ष 2025-26 में विभाग के राजस्व में 16 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो इसकी बढ़ती प्रासंगिकता का प्रमाण है। :: स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर का कमाल :: अंधेरी के इस डाकघर का पुनर्विकास स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, नई दिल्ली के सहयोग से किया गया है। यहाँ ग्राहकों के लिए वेटिंग लाउंज, डिजिटल कियोस्क और तेज सेवा वितरण प्रणाली विकसित की गई है। कार्यक्रम के दौरान विधायक अमीत साटम और चीफ पोस्टमास्टर जनरल अमिताभ सिंह भी उपस्थित थे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने डाक विभाग के मैदानी अमले (पोस्टमैन व पोस्टवुमन) से आत्मीय चर्चा कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। प्रकाश/09 मई 2026