राष्ट्रीय
09-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में श्रम कानूनों के क्षेत्र में बड़ा बदलाव करते हुए केंद्र सरकार ने चारों नए लेबर कोड पूरे देश में लागू कर दिए हैं। सरकार की ओर से गजट अधिसूचना जारी होने के बाद अब पुराने 29 श्रम कानून समाप्त हो गए हैं और उनकी जगह नए, एकीकृत और सरल नियम लागू हो चुके हैं। इन नए कानूनों का उद्देश्य मजदूरों और कंपनियों दोनों के लिए श्रम नियमों को आसान, पारदर्शी और समान बनाना है। करीब पांच साल की प्रक्रिया के बाद ये लेबर कोड पूरी तरह लागू हो पाए हैं। इनकी शुरुआत 21 नवंबर 2025 को हुई थी, लेकिन आवश्यक नियम और प्रक्रियाएं तय न होने के कारण इन्हें प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा सका था। अब सरकार ने सभी जरूरी नियम अधिसूचित कर दिए हैं। इसके बाद वेतन, नौकरी की शर्तें, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल सुरक्षा से जुड़े सभी कानून पूरे देश में एक समान रूप से लागू हो गए हैं। नए लेबर कोड में कर्मचारियों और खासकर महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कई अहम बदलाव किए गए हैं। अब समान काम करने पर पुरुष और महिला कर्मचारियों को बराबर वेतन देना अनिवार्य होगा। इससे वेतन भेदभाव कम होने की उम्मीद है। महिलाओं को मातृत्व अवकाश के तहत 26 सप्ताह की छुट्टी मिलेगी, ताकि वे बच्चे और अपने स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल कर सकें। जरूरत पड़ने पर महिलाओं को घर से काम करने की सुविधा भी दी जा सकेगी। इसके अलावा, 40 वर्ष या उससे अधिक उम्र के कर्मचारियों के लिए हर साल मुफ्त मेडिकल जांच का प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाना और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सरकार ने एक नेशनल री-स्किलिंग फंड भी बनाया है, जिसके जरिए नौकरी गंवाने वाले लोगों को नई तकनीकों और कौशलों की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे दोबारा रोजगार प्राप्त कर सकें। नए कानूनों के लागू होने से सैलरी स्ट्रक्चर और पीएफ से जुड़े नियमों में भी बदलाव होगा। इससे कर्मचारियों की इन-हैंड सैलरी और कटौतियों पर असर पड़ सकता है। कंपनियों को नए नियम लागू करने के लिए कुछ समय दिया गया है। सरकार का मानना है कि पहले मौजूद 29 अलग-अलग श्रम कानून जटिल थे और कंपनियों को उनका पालन करने में कठिनाई होती थी। नए लेबर कोड नियमों को सरल बनाएंगे, कारोबार को बढ़ावा देंगे, निवेश आकर्षित करेंगे और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद करेंगे। ईएमएस / 09/05/2026