नई दिल्ली (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तेजी से बदलाव देखने को मिल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद शनिवार को सुवेन्दु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही राज्य की राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह बदलती नजर आई। नई सरकार के गठन के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी इसका असर साफ दिखाई दिया। कोलकाता पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल ने कई वरिष्ठ तृणमूल कांग्रेस नेताओं को अनफॉलो कर दिया। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और पार्टी से जुड़े अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं। दूसरी ओर, कोलकाता पुलिस ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह , प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय के आधिकारिक अकाउंट्स को फॉलो करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, कोलकाता पुलिस ने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के अकाउंट को भी फॉलो किया। माना जा रहा है कि यह बदलाव राज्य में बदले राजनीतिक समीकरणों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को दर्शाता है। सत्ता परिवर्तन के बाद सरकारी संस्थानों के सोशल मीडिया व्यवहार में आए इस बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, नेताओं ने भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में बदलाव किए। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद ममता बनर्जी ने अपने ‘एक्स’ बायो में खुद को “पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री (15वीं, 16वीं और 17वीं विधानसभा)” और तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक अध्यक्ष बताया। दूसरी ओर, शपथ ग्रहण के तुरंत बाद सुवेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल में “पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री” लिखकर नई जिम्मेदारी की आधिकारिक घोषणा कर दी। ईएमएस / 09/05/2026