राज्य
09-May-2026
...


:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैंगो जत्रा में किसानों को सराहा; 24 आम उत्पादकों के लिए 11-11 हजार की प्रोत्साहन राशि घोषित :: इंदौर (ईएमएस)। अहिल्या नगरी के हृदय स्थल ग्रामीण हाट बाजार में इन दिनों कोंकण के सुप्रसिद्ध हापुस आम की सोंधी महक छाई हुई है। मराठी सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित तीन दिवसीय मैंगो जत्रा के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने यहाँ प्रदर्शित रत्नागिरी और देवगढ़ के विश्वप्रसिद्ध अल्फांसो (हापुस) की विभिन्न किस्मों का अवलोकन किया और किसानों के अथक परिश्रम की प्रशंसा की। स्टॉलों का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। रत्नागिरी के हापुस आम की साख पूरे विश्व में है और इसका मालवा के बाजार तक पहुंचना महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच आंतरिक एकात्मता एवं सांस्कृतिक जुड़ाव का अनुपम उदाहरण है। :: किसानों को मिला शासकीय प्रोत्साहन :: मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी 24 आम उत्पादक किसानों के लिए 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने रत्नागिरी के किसान दिनेश देसाई, सुनील सुर्वे और देवगढ़ के मनोहर पुजारी सहित अन्य उत्पादकों से आम की पैदावार और विपणन की बारीकियों को समझा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस प्रकार के आयोजन बिचौलियों को समाप्त कर किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ते हैं, जिससे उत्पादक को सही दाम और ग्राहक को शुद्ध फल मिलता है। :: आम के व्यंजनों ने लुभाया, हस्तशिल्प भी बने आकर्षण :: मैंगो जत्रा में केवल फल ही नहीं, बल्कि आम से निर्मित उत्पादों की भी लंबी फेहरिस्त सजी है। विविध उत्पाद : आमरस, मैंगो शेक, कुल्फी, श्रीखंड और पारंपरिक व्यंजनों का शहरवासियों ने लुत्फ उठाया। घरेलू उद्योग : स्टॉलों पर हस्तनिर्मित मसाले, पापड़, आम की चटनी और कैंडी की भारी मांग देखी गई। स्वदेशी की झलक : खादी वस्त्र और हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल भी आयोजन का प्रमुख केंद्र रहे। इस अवसर पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित मराठी सोशल ग्रुप के पदाधिकारी एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/09 मई 2026