इन्दौर (ईएमएस) विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में स्थानीय चिमन बाग मैदान पर लकी वांडर्स क्लब द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रात्रिकालीन धुरंधर विधायक कबड्डी ट्रॉफी का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर हुआ। इस अवसर पर उन्हें राष्टगान के बाद हनुमानजी की गदा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इंदौर संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आज 10 मई को फाइनल मुकाबले से पूर्व इंदौर और ग्वालियर की दिव्यांग कबड्डी टीमों के बीच होने वाला प्रेरणादायी मैच आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा। भाजपा खेल प्रकोष्ठ इंदौर के तत्वावधान में आयोजित यह स्पर्धा दूधिया रोशनी के बीच खेल भावना, अनुशासन, उत्साह और सहभागिता का उत्सव है। संयोजक मानसिंह यादव के अनुसार खिलाड़ियों को मंच, सम्मान और अवसर उपलब्ध कराने की सतत प्रतिबद्धता ने आयोजन को प्रदेशव्यापी पहचान दिलाई है। विधायक ट्रॉफी के संचालक विधायक गोलू शुक्ला के संरक्षण, मार्गदर्शन और खेलों के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता ने गरिमा प्रदान की है। प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के 26 जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। दर्शकों के लिए विशेष रूप से सुसज्जित गैलरियों की व्यवस्था की गई है। अतिथियों का स्वागत प्रतियोगिता अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह सोलंकी, सचिव चंद्रभान सिंह सोलंकी एवं संयोजक शशांक यादव ने किया। संचालन चिंटू राजपूत ने किया। इस अवसर पर विधायक मनोज पटेल, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंत्री मोहित संतोष वर्मा, जिला महामंत्री धीरज ठाकुर, दिनेश वर्मा, दिनेश सोनगरा, अरुण पेंढारकर, सन्नी राजू सिंह चौहान, दीपेश पचोरी सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित हुए। आनंद पुरोहित/ 09 मई 2026