राज्य
09-May-2026
...


:: स्व. मीना मिश्रा के निधन पर जताया गहरा दुःख; परिजनों से भेंट कर कहा- इस कठिन समय में हम साथ हैं :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के निज निवास पहुँचकर अपनी शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री यहाँ श्री मिश्रा की भाभी स्वर्गीय श्रीमती मीना मिश्रा के असामयिक निधन पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुँचे थे। मुख्यमंत्री ने निवास पर पहुँचते ही दिवंगत पुण्यात्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट की और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने के लिए ढाँढस बँधाया। डॉ. यादव ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। :: मंत्रियों और विधायकों ने भी दी श्रद्धांजलि :: मुख्यमंत्री के साथ जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक गोलू शुक्ला ने भी दिवंगत मीना मिश्रा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी सहानुभूति प्रकट की। इस दौरान मिश्रा परिवार के निवास पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रकाश/09 मई 2026