सभी अधिकारी सौंपे गए दायित्वों का भलीभांति निर्वहन करें नरसिंहपुर,(ईएमएस)।. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 13 मई को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत कार्यक्रम प्रस्तावित है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह उक्त कार्यक्रम की तैयारियों के लिए शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सुचारू रूप से क्रियान्वयन के लिए जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में कलेक्टर ने कानून व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, हैलीपेड एवं सुरक्षा बेरीकेटिंग व्यवस्था, काष्ट व्यवस्था, विभागीय प्रदर्शनी एवं ब्राडिंग, प्रतिभाओं का सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल व्यवस्था, सत्कार व्यवस्था, भोजन गुणवत्ता, विद्युत व्यवस्था, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा व्यवस्था, मंच एवं बैठक व्यवस्था, ग्रीन रूम, लोकार्पण, व्हीआईपी भोजन व्यवस्था एवं परिचय पत्र, शौचालय, फायर बिग्रेड, पेयजल एवं सम्पूर्ण साफ-सफाई व्यवस्था, मीडिया प्रबंधन, कन्या पूजन एवं अन्य पूजन, फूल माला व्यवस्था, मंच संचालन, हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करने, हितलाभ वितरण और संचार आदि से संबंधित विस्तृत समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 09 मई 2026