मुंबई (ईएमएस)। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर एक पुरानी याद साझा करते हुए अभिनेता बॉबी देओल के साथ बिताए खास पलों को याद किया। प्रीति जिंटा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘सोल्जर’ का एक वीडियो साझा किया। वीडियो के बैकग्राउंड में फिल्म का लोकप्रिय गीत ‘महफिल में बार-बार’ सुनाई दे रहा है, जिसे कुमार सानू और अलका याग्निक ने अपनी आवाज दी थी। प्रीति जिंटा की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और फैंस भी इसे काफी पसंद कर रहे हैं। वीडियो के जरिए अभिनेत्री ने उन दिनों को याद किया, जब उन्होंने बॉबी देओल के साथ इस सुपरहिट फिल्म में काम किया था। पोस्ट साझा करते हुए प्रीति जिंटा भावुक भी नजर आईं। उन्होंने बॉबी देओल को टैग करते हुए एक मजेदार किस्सा सुनाया। अभिनेत्री ने बताया कि वह बॉबी देओल और उनकी पत्नी तान्या देओल के हनीमून के दौरान भी उनके साथ थीं। प्रीति ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह हमेशा बॉबी की शुक्रगुजार रहेंगी, क्योंकि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में उनके पहले आउटडोर शूट को बेहद यादगार बना दिया था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बॉबी के हनीमून पर ‘थर्ड व्हील’ बनना भी उनके लिए एक खास अनुभव रहा। दरअसल, बॉबी देओल ने 30 मई 1996 को तान्या आहूजा से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद ही वह फिल्म ‘सोल्जर’ की शूटिंग में व्यस्त हो गए थे। तान्या एक बिजनेस परिवार से संबंध रखती हैं और उनका खुद का फर्नीचर व्यवसाय भी है। अब्बास-मस्तान के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सोल्जर’ वर्ष 1998 में रिलीज हुई थी। यह एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें सस्पेंस, रोमांस और दमदार एक्शन का शानदार मिश्रण देखने को मिला था। फिल्म में बॉबी देओल और प्रीति जिंटा की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म की कहानी एक ऐसे बेटे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पिता की बदनामी का बदला लेने निकलता है। उस दौर में फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी और साल की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हुई थी। ‘सोल्जर’ में बॉबी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा राखी गुलजार, सुरेश ओबेरॉय और दलीप ताहिल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। सुदामा/ईएमएस 10 मई 2026