मनोरंजन
10-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। दक्षिण भारतीय फिल्मों की चर्चित अभिनेत्री अनुपमा परमेश्वरन आज अपनी शानदार अभिनय क्षमता के साथ-साथ खूबसूरत घुंघराले बालों के लिए भी जानी जाती हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें अपने बाल बिल्कुल पसंद नहीं थे। अभिनेत्री ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए अपने दिल की बात फैंस के साथ साझा की। अनुपमा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में अपने कर्ली हेयर को फ्लॉन्ट किया। इसके साथ उन्होंने एक भावुक और प्रेरणादायक नोट भी लिखा। अभिनेत्री ने बताया कि बचपन और शुरुआती दिनों में वह अपने घुंघराले बालों को छिपाने की कोशिश करती थीं। उन्हें लगता था कि उनके बाल दूसरों की तरह सीधे और सामान्य होने चाहिए। यही वजह थी कि वह बार-बार अपने बालों को सीधा करने और बदलने की कोशिश करती रहती थीं। अभिनेत्री ने लिखा कि समय के साथ उन्होंने खुद को समझना और अपनाना सीखा। उन्होंने महसूस किया कि जो चीज उन्हें सबसे अलग बनाती है, वही उनकी असली पहचान और खूबी है। अनुपमा के मुताबिक, अब उनके घुंघराले बाल उनकी सबसे पसंदीदा चीजों में शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा खुशी तब मिलती है, जब लोग उनसे कहते हैं कि उन्हें देखकर उन्होंने भी अपने प्राकृतिक घुंघराले बालों को अपनाना शुरू किया। अभिनेत्री ने कहा कि खुद को जैसे हैं वैसे स्वीकार करना बेहद शक्तिशाली एहसास होता है और यही आत्मविश्वास दूसरों को भी खुद से प्यार करना सिखाता है। अनुपमा परमेश्वरन दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी नेचुरल एक्टिंग, मासूम अंदाज और गर्ल-नेक्स्ट-डोर इमेज के लिए काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने मलयालम, तेलुगु और तमिल फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है। फिल्म ‘प्रेमम’ से मिली लोकप्रियता के बाद उन्होंने ‘कार्तिकेय 2’ और ‘टिल्लू स्क्वायर’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। वर्कफ्रंट की बात करें तो अनुपमा जल्द ही तेलुगु रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म ‘क्रेजी कल्याणम’ में नजर आएंगी, जिसका निर्देशन बदरप्पा गजुला कर रहे हैं। इसके अलावा वह निर्माता प्रेरणा अरोड़ा की एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म में भी दिखाई देंगी, जिसकी शूटिंग मई 2026 में शुरू होने वाली है। साल 2025 अभिनेत्री के लिए बेहद सफल रहा। उनकी तमिल फिल्म ‘ड्रैगन’, तेलुगु फिल्म ‘किष्किंधापुरी’ और तमिल फिल्म ‘बाइसन’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया। वहीं महिला प्रधान फिल्म ‘परधा’ में उनके अभिनय की विशेष सराहना हुई। इस फिल्म में उन्होंने ‘सुब्बू’ नाम की गांव की लड़की का किरदार निभाया था, जो समाज में पर्दा प्रथा जैसी पुरानी परंपराओं को चुनौती देती है। डेविड/ईएमएस 10 मई 2026