मुंबई (ईएमएस)। दुनियाभर में इन दिनों फैशन के सबसे बड़े मंच ‘मेट गाला’ की चर्चा जोरों पर है। रेड कार्पेट पर अंतरराष्ट्रीय सितारे अपने खास फैशन और स्टाइल से लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। इसी बीच बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल ने भी अपनी एक अनोखी कलाकारी के जरिए सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर ली हैं। हाल ही में काजोल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास तस्वीर साझा की, जिसमें धागों से तैयार की गई एक खूबसूरत कलाकृति नजर आई। यह आर्टवर्क बेहद अलग और आकर्षक दिखाई दिया। अभिनेत्री ने इस पोस्ट के जरिए कारीगरों की मेहनत और हुनर की जमकर तारीफ की। तस्वीर साझा करते हुए काजोल ने लिखा कि मेट गाला का सीजन चल रहा है, इसलिए उन्होंने भी अपनी हाथ से बनाई गई एक कलाकृति साझा की है। उन्होंने कहा कि आखिर यह सब कारीगरों की कला और मेहनत के बारे में ही तो है। अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट में करीबी दोस्त और फिल्म निर्माता करण जौहर तथा मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भी टैग किया। काजोल की यह पोस्ट करण जौहर और मनीष मल्होत्रा की हालिया मेट गाला उपस्थिति से जुड़ी मानी जा रही है। इस वर्ष करण जौहर ने पहली बार मेट गाला में हिस्सा लिया और अपने शानदार अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा। इस खास अवसर पर उन्होंने मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया विशेष परिधान पहना था, जो महान चित्रकार राजा रवि वर्मा की कला से प्रेरित बताया गया। करण जौहर के इस खास लुक को ‘फ्रेम्ड इन इटरनिटी’ नाम दिया गया था। इसमें एक स्ट्रक्चर्ड जैकेट के साथ छह फुट लंबा हाथ से पेंट किया गया कैप शामिल था। इस पोशाक को तैयार करने में 80 से अधिक कारीगरों ने करीब 85 दिनों तक मेहनत की थी। फैशन जगत में इसे भारतीय शिल्पकला और पारंपरिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने वाला खास पल माना जा रहा है। वहीं काजोल के फिल्मी करियर की बात करें तो वह हाल ही में फिल्म ‘सरजमीं’ में नजर आई थीं। यह फिल्म कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एक ईमानदार सेना अधिकारी, उसकी पत्नी और उनके बेटे की कहानी दिखाई गई है। कहानी में बेटा एक आतंकवादी संगठन से जुड़ जाता है, जिसके बाद परिवार कई भावनात्मक और कठिन परिस्थितियों से गुजरता है। कायोज ईरानी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन, काजोल और इब्राहिम अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म फिलहाल जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है। डेविड/ईएमएस 10 मई 2026