मनोरंजन
10-May-2026
...


- ‘भारत भाग्य विधाता’ की रिलीज डेट घोषित मुंबई (ईएमएस)। अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति और साहस से जुड़ी कहानी लेकर आ रही हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए इसकी घोषणा की। पोस्टर के साथ जारी संदेश में बताया गया कि यह साधारण लोगों की असाधारण बहादुरी की कहानी है। उस रात की कहानी, जब इंसानियत डर से बड़ी बन गई, जब जिम्मेदारी बलिदान में बदल गई और जब साहस ने सैकड़ों जिंदगियां बचाईं। फिल्म को भारत के उन असली नायकों को समर्पित बताया गया है, जिनकी बहादुरी की चर्चा अक्सर इतिहास में दबकर रह गई। ‘भारत भाग्य विधाता’ सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है, जो 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। हालांकि फिल्म का केंद्र हथियारों और हिंसा पर नहीं, बल्कि उन आम लोगों के साहस और मानवीय संवेदनाओं पर है, जिन्होंने संकट की घड़ी में दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी थी। फिल्म की कहानी मुख्य रूप से मुंबई के कामा अस्पताल के अंदर घटित घटनाओं को दर्शाती है। जिस समय बाहर आतंकवादी अंधाधुंध गोलियां चला रहे थे, उसी दौरान अस्पताल के भीतर डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने हिम्मत नहीं हारी। बिना हथियारों के उन्होंने करीब 400 मरीजों और उनके परिजनों की जान बचाने के लिए पूरी रात संघर्ष किया। फिल्म अस्पताल के उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि देती है, जिनमें नर्सें, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी, लिफ्ट ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड और प्रशासनिक कर्मचारी शामिल थे। उनके पास वहां से भाग जाने का मौका था, लेकिन उन्होंने अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए मरीजों के साथ खड़े रहने का फैसला किया। फिल्म में कंगना रनौत एक नर्स की भूमिका निभाती नजर आएंगी। अपने किरदार और फिल्म के विषय पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि असली बहादुरी हमेशा शोरगुल वाली नहीं होती, बल्कि कई बार वह बेहद शांत और जिम्मेदारी से भरी होती है। कंगना के मुताबिक, यह फिल्म उन लोगों की कहानी है जो आतंक और जिंदगी के बीच ढाल बनकर खड़े रहे। उन्होंने कहा कि यह देशभक्ति का सबसे सच्चा रूप है, जहां कर्तव्य कर्म बन जाता है। अभिनेत्री ने फिल्म का हिस्सा बनने पर गर्व जताते हुए कहा कि वह दर्शकों के साथ इस कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। डेविड/ईएमएस 10 मई 2026