10-May-2026
...


8.8 अरब बैरल के नए स्रोत से बदलेगी तस्वीर तेहरान (ईएमएस)। मध्य पूर्व में जारी भारी तनाव और तेल आपूर्ति की बाधाओं के बीच इराक के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। इराक के नजफ प्रांत में कच्चे तेल का एक विशाल भंडार मिला है, जो देश की अर्थव्यवस्था और वैश्विक तेल बाजार के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। इराक के तेल मंत्रालय द्वारा जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, कुरनैन ब्लॉक के एक हिस्से में लगभग 8.8 अरब बैरल से अधिक कच्चे तेल का भंडार होने का अनुमान है। नजफ प्रांत में इराक-सऊदी अरब सीमा के निकट स्थित यह कुरनैन ब्लॉक लगभग 8,773 वर्ग किलोमीटर के विस्तृत क्षेत्र में फैला हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह क्षेत्र लंबे समय से तेल अन्वेषण के लिए अत्यधिक संभावनाओं वाला रहा है। इस विशाल तेल क्षेत्र के विकास और उत्पादन की प्रक्रिया को गति देने के लिए अक्टूबर 2024 में महत्वपूर्ण अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए थे। वर्तमान में शम्स-11 नामक कुएं से ड्रिलिंग का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जहाँ से शुरुआती चरण में उच्च गुणवत्ता वाला हल्का कच्चा तेल प्राप्त हुआ है। अभी इसकी दैनिक उत्पादन क्षमता लगभग 3,248 बैरल आंकी गई है, जिसके भविष्य में कई गुना बढ़ने की उम्मीद है। इस रणनीतिक प्रोजेक्ट में चीन की बड़ी भूमिका उभर कर सामने आई है। चीन की झेनहुआ ऑयल कंपनी अपनी सहायक इकाइयों के माध्यम से यहाँ ड्रिलिंग और सर्वेक्षण का कार्य कर रही है। रिपोर्टों के अनुसार, चीनी कंपनी ने अतिरिक्त निवेश की योजना बनाई है ताकि इस फील्ड से जल्द से जल्द बड़े पैमाने पर तेल निकालकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुँचाया जा सके। यह महत्वपूर्ण खोज ऐसे समय में हुई है जब इराक गहरे आर्थिक और सामरिक संकट से जूझ रहा है। अमेरिका-ईरान तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में उत्पन्न बाधाओं के कारण इराक का तेल निर्यात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आंकड़ों के अनुसार, फरवरी में इराक ने जहाँ 9.9 करोड़ बैरल तेल का निर्यात किया था, वहीं मार्च में यह आंकड़ा गिरकर मात्र 1.86 करोड़ बैरल रह गया। इसके परिणामस्वरूप इराक के राजस्व में भारी कमी आई है। इस संकट से निपटने के लिए इराक अब न केवल नए तेल भंडारों की खोज कर रहा है, बल्कि बसरा से हदीथा तक नई पाइपलाइन जैसे वैकल्पिक रास्तों पर भी तेजी से काम कर रहा है। नजफ का यह नया भंडार इराक के लिए भविष्य की नई उम्मीद बनकर उभरा है। वीरेंद्र/ईएमएस 10 मई 2026