फिरोजाबाद (ईएमएस)। साइबर सेल ने एक बार फिर साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत साइबर सेल टीम ने आवेदिका मुक्ता शर्मा के साथ हुई 50,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की रकम वापस कराई। - क्या है पूरा मामला ? विभव नगर थाना उत्तर क्षेत्र की निवासी मुक्ता शर्मा पत्नी मिन्टू उपाध्याय के साथ फ्लैट खरीदने के नाम पर 50,000 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। ठग ने कॉल कर फ्लैट का झांसा दिया और पैसे ट्रांसफर करवा लिए। पीड़िता ने 27 मई 2025 को भारत सरकार के NCRP पोर्टल पर शिकायत संख्या 23105250077990 दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी साइबर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम एक्टिव हो गई। - कैसे मिले पैसे वापस ? टीम ने तत्काल संबंधित बैंक और नोडल एजेंसी से पत्राचार किया। फ्रॉड की गई राशि पर लीन लगवाया गया और माननीय न्यायालय के माध्यम से पूरी 50,000 रुपये की रकम आवेदिका के खाते में वापस कराई गई। रकम वापस मिलने पर मुक्ता शर्मा ने फिरोजाबाद पुलिस का आभार जताया। - पुलिस की अपील फिरोजाबाद पुलिस ने नागरिकों से डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध की सूचना तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1930 पर दें या http://www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। - ईएमएस / फिरोजाबाद