मिर्जापुर (ईएमएस)। मान्यता प्राप्त निजी स्कूल एसोसिएशन, मिर्जापुर के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विधायक रत्नाकर मिश्र से मुलाकात कर मिर्जापुर में रजिस्ट्रार सोसाइटी एवं चिट फंड कार्यालय की स्थापना की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मिर्जापुर मंडल मुख्यालय होने के बावजूद आज तक यहां उक्त कार्यालय की स्थापना नहीं हो सकी है, जिससे विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं विभिन्न समितियों को गंभीर प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में सोसाइटी पंजीकरण, नवीनीकरण, संशोधन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के लिए लोगों को वाराणसी अथवा अन्य जनपदों में जाना पड़ता है। दूरस्थ यात्रा के कारण संस्थाओं का समय और आर्थिक संसाधन दोनों प्रभावित होते हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विद्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं को अत्यधिक परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रियाओं में देरी होने के कारण संस्थाओं के कार्य भी प्रभावित हो जाते हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि मिर्जापुर एक महत्वपूर्ण मंडलीय जनपद होने के साथ-साथ शिक्षा एवं सामाजिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां बड़ी संख्या में निजी विद्यालय, सामाजिक संस्थाएं एवं समितियां संचालित हैं, जिनके लिए स्थानीय स्तर पर रजिस्ट्रार सोसाइटी एवं चिट फंड कार्यालय की स्थापना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि यह कार्यालय मिर्जापुर में स्थापित हो जाता है तो जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों की हजारों संस्थाओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं गति आएगी। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक से मांग की कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए शासन स्तर पर आवश्यक पहल कर शीघ्र कार्यालय स्थापना की कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस महत्वपूर्ण जनसमस्या को शासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा तथा सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर सलिल पांडेय, विश्वजीत दुबे, अभिषेक सिंह, मुरलीधर उपाध्याय, संतोष श्रीवास्तव, विजय दुबे, विष्णु कांत पांडेय, मोहित गुप्ता, रवीन्द्र जायसवाल, के. आर. त्रिपाठी सहित एसोसिएशन के अनेक सदस्य एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उक्त समाचार कवरेज हमारे यूपी स्टेट ब्यूरो प्रमुख शशि भूषण दूबे कंचनीय द्वारा कवरेज किया गया है। - 10 मई /2026