- आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से जल्द मामला सुलझाने की रखी मांग राजगढ़(ईएमएस)l गत दिवस ग्राम नाईहेड़ी (तहसील नरसिंहगढ़) में शासकीय स्कूल और देवस्थान के समीप स्थित सरकारी भूमि पर चल रहे लंबे समय के विवाद को लेकर आज आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी ने ग्रामीणों के बीच पहुंच कर दोनों पक्षों को समझाते हुए विवाद को खत्म कर गांव के विकास पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। विदित हो कि ग्राम नाईहेड़ी निवासी कुमेर सिंह पिता रामलाल द्वारा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम ) को एक शिकायती पत्र सौंपा गया था। पत्र के अनुसार, सर्वे नंबर 119 की सरकारी जमीन, जो स्कूल और देवस्थान के पास स्थित है, उस पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है पूर्व में प्रशासन द्वारा इस भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई थी। विवाद की गंभीरता को देखते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष और डॉक्टर विंग जिला अध्यक्ष कमल सिंह धनावत ने गांव का दौरा किया। उन्होंने दोनों पक्षों के साथ संवाद स्थापित किया और उन्हें समझाया कि आपसी झगड़ों और कानूनी कार्रवाइयों से गांव का भाईचारा खराब होता है और विकास रुक जाता है। जिला अध्यक्ष की समझाइश के बाद एक सकारात्मक मोड़ आया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति जताते हुए यह मांग रखी है कि इस विवादित सरकारी भूमि को अब किसी निजी उपयोग में लेने के बजाय बच्चों के लिए खेल मैदान के रूप में विकसित किया जाए, खेल मैदान बनने से न केवल अतिक्रमण की गुंजाइश खत्म होगी, बल्कि गांव के युवाओं को एक सुरक्षित खेल परिसर भी मिल सकेगा। आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष ने जिला प्रशासन और संबंधित तहसीलदार से मांग की है कि ग्रामीणों की इस सामूहिक भावना का सम्मान करते हुए इस भूमि को खेल मैदान के लिए आरक्षित किया जाए। इससे गांव में वर्षों से चल रहा विवाद स्थाई रूप से समाप्त हो जाएगा। इस अवसर पर कुमेर सिंह, सूरज सिंह, सुनील, शिवनारायण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। - राजगढ़ / 10/5/2026