फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद के रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र को उत्तर प्रदेश के प्रमुख नेचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से स्वीकृत लगभग 3.47 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना अब जमीन पर तेजी से आकार ले रही है। परियोजना की पहली किश्त के रूप में 2.60 करोड़ रुपये जारी होने के बाद निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है। रपड़ी ईको पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक प्ले जोन, भव्य प्रवेश द्वार, सैंड स्टोन बेंच, आकर्षक साइनिज और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं का निर्माण तेजी से चल रहा है। परियोजना के तहत पार्क को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न वन्यजीवों की विशाल प्रतिमाएं भी तैयार की जा रही हैं। इनमें मगरमच्छ, हाइना, कछुआ, डॉल्फिन और इंडियन रॉक पाइथन जैसी जीवन आकार प्रतिमाएं शामिल हैं, जो बच्चों और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इन प्रतिमाओं के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास भी किया जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रपड़ी ईको पार्क में रूफ टॉप सोलर फोटो वोल्टाइक पावर सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इससे पार्क को ऊर्जा की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ईको फ्रेंडली पर्यटन मॉडल को भी बढ़ावा मिलेगा। आधुनिक और ऊर्जा-कुशल लाइटिंग सिस्टम, सुव्यवस्थित मार्ग, सौंदर्यीकरण और पर्यटकों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था भी तेजी से विकसित की जा रही है। पार्क में आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षक विश्राम स्थल बनाए जा रहे हैं ताकि परिवारों, बच्चों और प्रकृति प्रेमियों को बेहतर अनुभव मिल सके। अधिकारियों के अनुसार इन सभी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है और आने वाले समय में रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र जिले की नई पहचान बनकर उभरेगा। पर्यटन विभाग का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद न केवल फिरोजाबाद बल्कि आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचेंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत प्रदेश में ईको टूरिज्म को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का सकारात्मक प्रभाव जल्द ही दिखाई देगा। उन्होंने कहा, “यह परियोजना पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी। यहां सस्टेनेबल और ईको फ्रेंडली डेवलपमेंट मॉडल को प्राथमिकता दी जा रही है।” मंत्री ने बताया कि सोलर एनर्जी, आधुनिक लाइटिंग, आकर्षक साइनिज और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं के जरिए रपड़ी ईको टूरिज्म क्षेत्र को नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में यह स्थल उत्तर प्रदेश के प्रमुख नेचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में अपनी अलग पहचान बनेगा। - ईएमएस / फिरोजाबाद