- धार्मिक यात्रा पर गुजरात गया था परिवार कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत नगर पंचायत पाली में चोरी का सिलसिला बदस्तूर जारी है। चोरों ने एक बार फिर घर के सुनेपन का लाभ उठाकर मकान से नगदी और कुछ जेवरात पार कर दिया है। घटना की पाली थाना में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पाली थाना अंतर्गत नगर पंचायत पाली के निकटतम मादन मोहल्ले में निवासरत वेलजी भाई चौहान सपरिवार गुजरात की धार्मिक यात्रा पर गए हुए थे। वापस आने पर घर का मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर कमरे में प्रवेश करने पर अलमारी टूटा हुआ मिला, सामान बिखरे हुए मिले, चोरों ने इत्मिनान से चोरी की घटना को अंजाम दिया। मकान मालिक के अनुसार लगभग 50000 मूल्य के समान व नकदी चोरी की घटना हुई है। इसकी सूचना पाली थाने में की गई है। क्षेत्र में बीते कुछ समय में चोरी की कई घटनाएं घटित हो चुकी है। जिससे आम नागरिक चिंतित नजर आने लगे हैं। अज्ञात चोर मकान के सूनेपन का फायदा उठाकर चोरी की घटना को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं, जो पाली पुलिस के गश्त और सक्रियता पर प्रश्नचिन्ह लगा रहे हैं। पिछली चोरियों का अब तक सुराग नहीं मिल पाया है और लगातार चोरियों की वारदात ने नगर के आम नागरिक और व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। लगातार घटित चोरियों से आम जनता में भय और असुरक्षा की भावना पनपने लगी है। इन दिनों ग्रीष्म अवकाश और शादियों का सीजन चल रहा है। ऐसे में कई मकान सूने पड़े हुए हैं। पिछले दिनों टावर मोहल्ले और पटेल पारा मोहल्ले में एक युवक दोपहर में सिर में हेलमेट लगाकर पैदल घूमते हुए मकान की रेकी करते हुए संदिग्ध स्थिति में दिखा था, जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि ऐसे ही संदिग्ध दिन में रेकी कर मकान के सूनेपन की जानकारी लेते हैं और रात में उन्हीं घरों को निशाना बनाते हैं। - 10 मई