नोएडा (ईएमएस)। नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल लूट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए गैंगस्टर सूरज उर्फ चिढ़ा समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 17 चोरी की बाइक-स्कूटी, 8 मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। नोएडा की फेस-1 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 17 बाइक और स्कूटी, 8 छीने हुए मोबाइल फोन और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। पकड़े गए बदमाशों में गैंग का मास्टरमाइंड सूरज उर्फ चिढ़ा भी शामिल है, जिसके खिलाफ चोरी लूट और गैंगस्टर समेत 30 से ज्यादा मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देते थे और लंबे समय से एनसीआर में सक्रिय थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग का सरगना सूरज दिन के समय नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर रेकी करता था। वह खास तौर पर फैक्ट्रियों, बाजारों, मॉल और रिहायशी इलाकों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था। दिन में वह देखता था कि कौन सी जगह सुनसान रहती है, कहां सीसीटीवी कम हैं और कौन से वाहन लंबे समय तक एक जगह खड़े रहते हैं। इसके बाद रात होती ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचकर बाइक और स्कूटी चोरी कर लेता था। - नई दिल्ली/ ईएमएस/10/मई /2026